बुलंदशहर। सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को एफएसओ की टीम ने मामन रोड स्थित एक गोदाम पर छापेमारी कर देसी घी के नाम से बेचे जा रहे काफी मात्रा में माइल्ड फैट बरामद किया है। टीम ने करीब डेढ़ लाख रुपये का माल सीज कर सैंपल जांच के लिए भेजा है।
मामन रोड पर मोहनकुटी िस्थत गोदाम में नकली घी के भंडारण की सूचना मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट एके सिंह, सीओ सिटी लाल साहब और एफएसओ की टीम ने छापेमारी की। गोदाम के अंदर और बाहर से काफी संख्या में माइल्ड फैट से भरे डिब्बे बरामद किए गए। एफएसओ संजय पांडे ने बताया कि ग्राहकों को गुमराह कर देसी घी के नाम से माइल्ड फैट बेचा जा रहा था। कई ब्रांडेड कंपनियों के डिब्बे बरामद किए गए हैं। एक बांड के आधा लीटर के 18 डिब्बे, एक लीटर के 69 डिब्बे, 5 लीटर के सात डिब्बे, 2 लीटर 27 डिब्बे गोदाम के बाहर और एक लीटर की 17 पेटी, आधा लीटर की 24 पेटी, 200 एमएल की 8 पेटी और 15 किलो की 11 पेटी बरामद की गई है। इसी तरह एक और ब्रांड के आधा लीटर के 10 डिब्बे, दूसरे ब्रांड के 4 डिब्बे बरामद कर सीज कर दिए गए। सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। एफएसओ ने बताया कि गोदाम से बरामद कर सील किए गए माल की कीमत करीब 1,44, 950 रुपये है। गोदाम से पकड़ा गया माइल्ड फैट हालांकि सेहत के लिए हानिकारक नहीं है। लेकिन देसी घी के नाम से बेच कर ग्राहकों को गुमराह किया जा रहा था। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।
फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड एक्ट से अपंजीकृत
छापेमारी के दौरान कई माइल्ड फैट के डिब्बे ऐसे थे जो संदेह के घेरे में हैं। टीम को एक ब्रांड के सील बंद और कुछ खाली डिब्बे मिले। इन डिब्बों पर एक्सपायरी डेट अंकित थी। कई डिब्बों पर एमएमपीओ (मिल्क मेनुफैक्चरिंग प्रोडक्ट आर्डर) अंकित था। जो नए फूड सेफ्टी एक्ट के तहत गलत है। अगस्त 2011 से प्रोडक्ट को फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड एक्ट से पंजीकृत होना चाहिए था।