पिता की भूमि पर लेना चाहता था लोन
रजिस्टार बाबू की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज
खुर्जा। पिता के नाम भूमि खतौनी की फोटो कॉपी में फर्जीवाड़ा कर अपना नाम लिख तहसील प्रशासन से प्रमाणित कराने आए युवक को रंगे हाथ दबोच लिया गया। आरके बाबू ने आरोपी को एसडीएम के सामने पेश किया। एसडीएम के आदेश पर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
रसूलपुर निवासी ऋषि कुमार नई दुकान खोलने के लिए बैंक से ऋण लेना चाहता था, लेकिन पिता मना कर रहे थे। पैसे की व्यवस्था नहीं होने पर ऋषि ने अपने पिता के नाम दर्ज भूमि की खतौनी निकलवाई। इसकी फोटो स्टेट कॉपी पर अपना नाम दर्ज कर जीरॉक्स कॉपी का सत्यापन कराने सब रजिस्टार कार्यालय पहुंच गया। आरके बाबू कार्यालय से जीरॉक्स कॉपी का सत्यापन भी हो गया, लेकिन एक बाबू ने फर्जीवाड़ा पकड़ लिया और युवक को भी दबोच लिया। आरोपी को एसडीएम के सामने पेश किया गया। जहां एसडीएम डीपी सिंह के निर्देश पर आरके बाबू रामअवतार शर्मा ने आरोपी को पुलिस के हवाले का फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।