खुर्जा। हबीबपुर गांव में पट्टा आवंटन के लिए बनाई गई पत्रावली में धांधली का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार और लेखपाल पर जांच के दौरान भी अपात्र लोगों के नाम पत्रावली में शामिल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने एसडीएम कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।
हबीबपुर निवासी जगत सिंह, मनोज, नरेंद्र सिंह, निरंजन सिंह, राकेश सिंह, रविंद्र, भजनलाल, हरप्रसाद, कालू, राजकुमार, विनोद का आरोप है कि पट्टा आवंटन के लिए लेखपाल ने सुविधा शुल्क लेकर अपने मन से पत्रावली तैयार की थी। पत्रावली की जांच लेकर 12 अक्टूबर को नायब तहसील गांव पहुंचे थे। जांच के दौरान ग्रामीणों ने अपात्र लोगों के नाम पत्रावली में शामिल करने का विरोध जताया था। इसके बाद भी सुविधा शुल्क लेकर पत्रावली में ऐसे लोगों के नाम शामिल कर लिए गए जिनके पास पहले से ही भूमि मौजूद होने के अलावा कई चार पहिया वाहन मौजूद है। ग्रामीणों का आरोप है कि लेखपाल सुविधा शुल्क मांग कर ग्रामीणों को परेशान कर रहा है। एसडीएम डीपी सिंह ने ग्रामीणों को जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है।