बुलंदशहर। जरा सी बात पर लोग आपा खोने लगे हैं। ऐसी ही एक घटना कोतवाली नगर क्षेत्र में मामूली बात हुए विवाद में पड़ोसी ने पिता और पुत्र पर खौलती हुई चाय फेंक दी। इससे दोनों बुरी तरह से झुलस गए। परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर दोनों को दिल्ली अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस्लामाबाद निवासी शौकत (50) के बच्चों ने जमीन पर पानी बिखेर दिया। इस पर पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति ने बच्चों को डांट लगानी शुरू कर दी। इसे सुनकर शौकत और घर के अन्य सदस्य वहां आ गए और दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
मामूली सा यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों परिवारों में मारपीट की नौबत आ पहुंची। काफी देर तक दोनों परिवारों के बीच लड़ाई-झगड़ा चलता रहा। इसी दौरान पड़ोसी ने घर पर बन रही खौलती हुई चाय लाकर शौकत और उसके बेटे सलीम (24) के ऊपर डाल दी।
गर्म चाय पड़ते ही दोनों चीखने चिल्लाने लगे और जमीन पर गिरकर पड़े। खौलती चाय से सलीम का चेहरा काफी झुलस गया है। शौकत का शरीर भी काफी जला है।
परिजन दोनों को लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को दिल्ली रेफर कर दिया।
चिकित्सकों का कहना है कि गर्म चाय गिरने से सलीम का चेहरा पूरी तरह झुलस गया है। खौलती चाय फेंकने बाद आरोपी पड़ोसी घर से फरार हो गया। पीड़ित पक्ष के लोग झुलसे पिता-पुत्र के इलाज में व्यस्त रहने से शाम तक ने थाने में शिकायत नहीं कर पाए। पुलिस ने घटना की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है।