सड़क, पानी, सफाई के लिए परेशान लाेगों के गुस्से का गुबार फूट रहा है। इसके बाद भी सरकारी तंत्र की नींद नहीं टूट रही है। व्यवस्थाएं नहीं सुधरने से परेशान लोग धरना-प्रदर्शन को मजबूर हो रहे हैं।
जर्जर सड़क को लेकर प्रदर्शन
बुलंदशहर। समस्याओं को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मोहल्ला साठा में नगर पालिका के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। अफसरों पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी भी की। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सौरभ गोयल ने कहा कि मंजर पार्क, मंडी फतहगंज, चौक बाजार, साठा सब्जी मंडी से डीएवी जैसे प्रमुख मार्गों की हालत जर्जर है। कई बार नगर पालिका में शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अमित सिंघल ने कहा कि मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया और पालिका ने फॉगिंग नहीं कराई। शहर में गंदगी पसरी है। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मार्गों पर पैच वर्क और फॉगिंग कराने की मांग की। मांगे पूरी न होने पर पालिका अधिकारियों के घेराव की चेतावनी दी है। प्रदर्शन में विजय गुप्ता, अनुज जौहरी, राधेश्याम अग्रवाल, कपिल बंसल, अशोक गिरी, अनूप जौहरी, दीपक बंसल, किशन, हिमांशु आदि शामिल रहे।
अवैध वसूली पर रिक्शा चालकों का गुस्सा फूटा
खुर्जा (ब्यूरो)। नगर पालिका के ठेकेदारों पर लाइसेंस के नाम पर हो रही अवैध वसूली पर सोमवार को रिक्शा चालकों का गुस्सा फूट पड़ा। चालकों ने ठेकेदार पर जबरन वसूली और मारपीट करने का आरोप लगाया। रिक्शा चालकों ने नगर पालिका के दफ्तर पर प्रदर्शन कर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सोमवार को रिक्शा चालक नगर पालिका कार्यालय के सामने एकत्र हुए। रिक्शा चालकों ने बताया कि एक वर्ष का लाइसेंस बनाने के नाम पर रिक्शा चालकों का उत्पीड़न किया जा रहा है। सौ रुपये के स्थान पर रिक्शा चालकों से दो सौ रुपये वसूले जा रहे हैं। रविवार को नगर के रिक्शा चालक मदन से ठेकेदार ने दो सौ रुपये वसूलने का कारण पूछा, तो ठेकेदार ने उसे पीटा। रिक्शा चालकों ने प्रदर्शन कर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने और अवैध वसूली से निजात दिलाने की मांग की। प्रदर्शन में लाला, राहुल, शफीक, रफीक, राजू, सलीम, बाबू, बिजेंद्र, सलाम, अमर पाल, कंछी, सोनू, उमेश, राजेश आदि रहे।
सफाईकर्मी लापरवाह गंदगी की भरमार
खुर्जा (ब्यूरो)। मोहल्ला पंजाबियान शेखों वाली गली के लोगों का गंदगी को लेकर सोमवार को गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने सफाई कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि नाली जाम है। इसके कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। गंदा पानी जमा रहता है। इससे मच्छर पनप रहे हैं। यदि कभी नाली की सफाई की भी जाती है, तो कर्मचारी गंदगी सड़क पर डालकर चले जाते हैं। इससे संक्रामक रोग फैलने की आशंका बढ़ गई है। शिकायत के बाद भी अफसर नहीं सुन रहे हैं। यदि सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं कराई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में सुहैल सिद्दीकी, शकीला, शफीक, रिहाना, फिरोज, मेनू मास्टर, नासिर, यूसुफ, नौशाद, नईम, सलीम आदि शामिल रहे।