खुर्जा के एकेपी डिग्री कॉलेज में छात्राओं को सम्मानित करती प्राचार्य। स्रोत : कॉलेज
खुर्जा। एकेपी डिग्री कॉलेज की 75 छात्राओं ने 18 अलग-अलग क्षेत्रों में अपना कारोबार शुरू किया है। कॉलेज की प्राचार्य डिंपल विज और प्रशिक्षण देने वाले एम्पावर फाउंडेशन कॉर्डिनेटर विशाल भारद्वाज ने शुक्रवार को छात्राओं को बधाई व नए कार्य की शुभकामनाएं दी।
डिंपल विज ने बताया कि छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कॉलेज में अलग-अलग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाता है। इसके लिए विभिन्न सामाजिक संस्थाएं छात्राओं को प्रशिक्षित करने के आगे बढ़कर आ रही हैं। इसी क्रम में एम्पावर फाउंडेशन ने अलग-अलग कोर्स शुरू किए। प्रशिक्षण कार्यकाल में 90 छात्राओं ने पंजीकरण किया था। 75 छात्राओं को प्रमाण पत्र दिया जा चुका है।
फाउंडेशन के कोर्स कॉर्डिनेटर ने बताया कि महिला उद्यमिता कार्यक्रम के तहत छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इसके माध्यम से वह अपना कारोबार शुरू कर सकें और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ, फाउंडेशन से आरती, श्वेता आदि मौजूद रहीं।
इन 18 कोर्स में लिया गया था प्रशिक्षण
प्राचार्य ने बताया कि छात्राओं ने मेकअप आर्टिस्ट, ब्यूटीशियन, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, कान्हा के वस्त्र बनाने, सिरेमिक डिजाइनिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट, पेंटिंग, फास्ट फूड बनाना, सिलाई, रिटेल जैसे 18 कोर्स का प्रशिक्षण लिया था।