सिकंदराबाद। बाइक सवार युवक के साथ मारपीट करते हुए दो युवकों ने 74 सौ रुपये लूट लिए। सीसीटीवी के आधार पर आरोपी की शिनाख्त कर पीड़ित परिवार के लोगों के साथ आरोपियों की दुकान पर पहुंचा तो आरोपियों ने फिर से मारपीट की। पीड़ित ने एक आरोपी को दबोचकर पुलिस को सौंप दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव दादूपुर नीला निवासी ज्ञानेंद्र कुमार ने तहरीर देते हुए बताया कि शनिवार की दोपहर करीब 2.30 बजे वह बाइक से गांव मंजूपुर स्थित शराब की दुकान से शराब खरीदने आया था। जब वह वापस जाने लगा तो दो युवक वहा पहुंचे उसके साथ मारपीट करते हुए उससे 74 सौ रुपये लूट लिए। सूचना पर उसके चाचा हरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवकों की शिनाख्त गांव सिरोधन निवासी के रूप में हुई। पीड़ित परिवार के लोगों के साथ आरोपियों की दुकान पर पहुंचा तो, उसे देखते ही आरोपियों ने फिर से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। जिसमे विपिन घायल हो गया। उसने लोगों की मदद से एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। जबकि उसका साथी फरार हो गया। चौकी प्रभारी सुभाष बाबू ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद