गुलावठी। सऊदी अरब में युवकों की नौकरी लगवाने के नाम पर दो शातिरों ने गुलावठी के गांव सोहनपुर निवासी ग्रामीण से 5.50 लाख रुपये ऑनलाइन ठग लिए। आरोपियों ने व्हाट्सएप पर फर्जी ज्वाइनिंग लेटर और फर्जी एग्रीमेंट भी भेज दिए। पुलिस ने दोनों नामजद शातिरों इरशाद हुसैन और हदीश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के गांव सोहनपुर निवासी अकील अहमद ने तहरीर देकर बताया कि उसके पुत्र फिरोज की सऊदी अरब में रहने के दौरान उसकी मुलाकात इरशाद हुसैन नामक युवक से हुई थी। इरशाद हुसैन ने खुद को अलमराई कंपनी सऊदी में ब्रांच मैनेजर बताया था। जो अब सऊदी से छुट्टी लेकर वापस अपने घर पटना आया हुआ है।
उसके पुत्र फिरोज से आरोपी इरशाद हुसैन व हदीस ने कुछ लड़कों की सऊदी अरब में नौकरी लगवाने की बात कही। उसने इरशाद हुसैन व हदीस के बताए गए बैंक खातों में 75 हजार रुपये डाल दिए। वहीं, दूसरे पुत्र अता मोहम्मद से आठ अलग-अलग बैंक खातों में 4 चार लाख 65 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए।
कुल मिलाकर 5.50 लाख रुपये आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए। साथ ही उनके पुत्र फिरोज के व्हाट्सएप पर फर्जी वीजा, फर्जी एग्रीमेंट और फर्जी ज्वाइनिंग लेटर बनाकर भेज दिए। बाद में उनके फर्जी होने की जानकारी हुई।
आरोपियों से फोन पर बात करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हुई। वह पटना भी गए, लेकिन आरोपी नहीं मिले। पुलिस ने अब एसएसपी के आदेश पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।