31 कैदी और राजस्व निरीक्षक समेत 52 मिले कोरोना संक्रमित
बुलंदशहर। जनपद में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को 31 कैदी और एक राजस्व निरीक्षक समेत 52 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, 11 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। नए संक्रमित मिलने पर अब कुल केस 2352 हो गए हैं, जिसमें 1874 डिस्चार्ज हो चुके और 46 की मौत हो चुकी है। शेष 432 का उपचार चल रहा है।
नगर क्षेत्र के राजनगर, सरायघासी, महालक्ष्मी एंक्लेव, फैसलाबाद, राधानगर, साठा और आवास विकास-प्रथम में एक-एक व्यक्ति में कोरोना संक्त्रस्मण की पुष्टि हुई। अनूपशहर के सरकारी आवास में चार लोगों में संक्रमण मिला। शिकारपुर क्षेत्र में तीन, जहांगीराबाद में मोहल्ला लोधियान में दो, गांव भोपुर में एक, खुर्जा के गांधी रोड-नवलपुरा में एक-एक और डिबाई के गोसीपुरा में एक व्यक्ति में संक्रमण मिला। इसके अलावा स्याना तहसील में कार्यरत राजस्व निरीक्षक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई।
स्वास्थ्य विभाग के अफसर हुए कोरोना मुक्त
15 दिन पूर्व स्वास्थ्य विभाग के मुखिया में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसके बाद तीन एसीएमओ में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। सभी का उपचार होम आइसोलेशन में चल रहा था। सीएमओ जहां तीन दिन पूर्व होम आईसोलेशन से मुक्त हुए। वहीं, तीनों एसीएमओ भी कोरोना से मुक्त हो गए, फिलहाल सभी क्वारंटीन में है।