बुलंदशहर। विटामिन ए की कमी से होने वाली बीमारियों से बच्चों को बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग 27 दिसंबर से अभियान शुरू करेगा। इस दौरान नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को एक माह तक विटामिन ए का सप्लीमेंट पिलाया जाएगा। इसके लिए जिले के सभी टीकाकरण केंद्र पर विटामिन ए की दवा पहुंचाने में विभाग जुट गया है। वहीं, विभाग ने विटामिन ए की दवा पिलाने के लिए 4.91 लाख बच्चों का लक्ष्य रखा है।
सीएमओ डॉ. सुनील कुमार दोहरे ने बताया कि नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को बीमारी से बचाव के लिए सभी टीकाकरण केंद्रों पर विटामिन ए की अतिरिक्त खुराक पिलाने को अभियान चलाया जाएगा। दवा पीने से बच्चे की प्रतिरक्षा प्रणाली मजबूत होगी तो खसरा, दस्त, संक्रमण, आंखों की बीमारी होने का खतरा नहीं होगा। यह दवा सभी सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर भेजी जा रही है।