घर से मिले 44 सिलिंडर किए जब्त
ककोड़। थाना क्षेत्र के नगला गोविंदपुर गांव में गैस की कालाबाजारी की सूचना पर आपूर्ति विभाग की टीम ने छापा मारा। इस दौरान टीम ने एक घर से 44 सिलिंडरों को कब्जे में लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने हंगामा भी किया। विभागीय अधिकारी मामले को लेकर कार्रवाई में जुटे हैं।
बृहस्पतिवार को आपूर्ति विभाग को ककोड़ क्षेत्र के नगला गोविंदपुर में गैस की कालाबाजारी की सूचना मिली थी। सूचना पर आपूर्ति निरीक्षक दिव्या श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने गांव में छापा मारा। दिव्या श्रीवास्तव ने बताया कि छापे के दौरान एक मकान से 44 गैस के सिलिंडर बरामद किए गए। जब मकान मालिक से सिलिंडरों से बारे में पूछताछ कर अभिलेख तलब किए गए तो वह इस संबंध में कोई भी कागजात, लाइसेंस, अथवा एनओसी, स्टॉक रजिस्टर, सेल्स रजिस्टर आदि प्रस्तुत नहीं कर सका। रिहायशी इलाके में इतनी बड़ी संख्या में सिलिंडर रखने के बारे में जांच की जा रही है। पकड़े गए गैस सिलिंडरों को एक गैस एजेंसी के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले के बाबत कार्रवाई की जा रही है। वहीं जांच के दौरान आरोपी पक्ष ने हंगामा भी किया। मौके पर मौजूद पुलिस ने किसी तरह स्थिति को संभाला।