संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। जिले के 43 शीतगृह (कोल्ड स्टोर) सौर ऊर्जा संचालित होंगे। इसके लिए यूपी नेडा ने सभी शीतगृहों का सर्वे कर लिया है। विभाग ने सर्वे की रिपोर्ट बनाकर शासन को भी मंजूरी के लिए भेज दी है। अफसराें के अनुसार जल्द ही शासन से अनुमति मिल जाएगी।
जिले में इस समय 43 शीतलहर संचालित हैं। इनमें करीब पांच लाख मीट्रिक टन आलू, सब्जी व अन्य खाद्य सामग्री को भंडारण करने की व्यवस्था है। इन सभी का संचालन बिजली से होता है। ऐसे में कई बार बिजली न होने के कारण इसमें भंडारित आलू, सब्जी व अन्य सामान खराब होने की संभवना बनी रहती है। इस समस्या को दूर करने के लिए यूपी नेडा ने शीतगृह पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की पहल की है। यूपी नेडा के जिला प्रबंधक थान सिंह ने बताया कि शासन की ओर से पिछले दिनों निर्देश प्राप्त हुआ था कि जिले के शीतगृह में सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जाएंगे। इसके लिए इनका सर्वे किया जाए और इनका संचालन करने वालों से संपर्क किया जाए। सर्वे में यह पता किया जाए कि किस शीतगृह पर कितने किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र लग सकता है। इसकी पूरी रिपोर्ट बनाकर भेजी जाए।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देश पर सभी 43 शीतगृह का सर्वे कर यह पता किया गया कि कहां पर कितने किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र लगेगा। इसके साथ संयंत्र को लगाने के लिए पर्याप्त जगह है या नहीं आदि जानकारी को एकत्रित कर उसकी रिपोर्ट बनाकर शासन को भेज दी है। शासन की ओर से जल्द ही निर्देश जारी होने की संभावना है। अभी यह तय नहीं हो सका है कि शीतगृह पर लगने वाले सौर ऊर्जा संयंत्र कितनी छूट पर लगाए जाएंगे। इसका पता शासन से आगामी निर्देश मिलने के बाद ही चल सकेगा।