बुलंदशहर। जिले की जर्जर और खराब सड़कों की हालत में जल्द सुधार होने की उम्मीद जगी है। शासन ने जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में सड़क निर्माण और मरम्मत से जुड़े करीब 70 करोड़ रुपये के कार्यों को मंजूरी दे दी है। इसके तहत 39 सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।
शासन ने पहली किस्त की राशि 25 करोड़ रुपये जारी की है। सितंबर के अंत तक निर्माण कार्य शुरू हो जाएंगे। इन सड़कों के निर्माण से 150 से अधिक गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
शासन की ओर से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में करीब 10-10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है। स्वीकृत परियोजनाओं में प्रमुख रूप से ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने वाली सड़कों का निर्माण शामिल है।
इसके अलावा जिन मार्गों की हालत लंबे समय से खराब है, उन्हें भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाएगा।
विभाग की ओर से कार्यों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। सड़क निर्माण के लिए धनराशि जारी होने के बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से टेंडर और अन्य औपचारिकताएं पूरी कर काम शुरू कराने की तैयारी की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है किगुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। निर्धारित मानकों के अनुसार सड़क निर्माण कराया जाएगा, ताकि लोगों को लंबे समय तक बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
150 से अधिक गांवों को सीधा लाभ
39 सड़कों के निर्माण से जिले के 150 से अधिक गांवों के लोगों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। ग्रामीणों को तहसील, जिला मुख्यालय, बाजार और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा होगी।
सड़कों के निर्माण से क्षेत्र में कृषि, व्यापार और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों के अनुसार पहली किस्त जारी होने के बाद अब निर्माण कार्यों को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज की जा रही है।
विभाग ने भेजी थी 2200 करोड़ रुपये की कार्य योजना
करीब चार माह पहले लोक निर्माण विभाग की ओर से सातों विधायकों, सांसद के प्रस्तावों समेत करीब 2200 करोड़ रुपये की कार्य योजना तैयार कर शासन को भेजी थी। इस दौरान करीब 549 सड़कों, पुल के निर्माण, मरम्मत का प्रस्ताव तैयार कर भेजा गया था। ऐसे में अभी बड़ी संख्या में विकास कार्यों को स्वीकृति का इंतजार है।
स्वीकृत मुख्य कार्य -
- धनौरा सदरपुर मार्ग से सीकरी संपर्क मार्ग
- अमहदानगर से पाली खेड़ा संपर्क मार्ग
- लुहारली प्राइमरी स्कूल से हैदराबाद की मढैया संपर्क मार्ग
- अगौता बाजार से किसौली संपर्क मार्ग
- इलना खानपुर मार्ग से गांव सिहाली झाया संपर्क मार्ग
- बड़ौदा से आलियाबाद संपर्क मार्ग
- कल्यानपुर से मदनगढ़ संपर्क मार्ग
- बगसरा पुल से रन्धौरा रजवाहा पटरी का निर्माण
कोट
शासन की ओर से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10-10 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को स्वीकृति दी है। इन कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। सितंबर के अंत तक कार्य शुरू हो जाएंगे। - राहुल शर्मा, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग