अरनिया, सारंगपुर और टैना गांव में तारों से निकली चिंगारी से शुक्रवार को करीब 32 बीघा फसल राख हो गई। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायरब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। घटना से किसानों को लाखों रुपये की क्षति हुई है।
शुक्रवार को क्षेत्र के गांव टैना, सारंगपुर और अरिनया में गेहूं के खेतों से आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण आग बुझाने के लिए मौके पर दौड़ पड़े। देखते ही देखते टैना गांव निवासी अभिषेक और सारंगपुर निवासी सुभाष की दस-दस बीघा फसल जल गई।
वहीं अरनिया गांव में किसान कुंदन की 12 बीघा फसल जलकर राख हो गई। आसपास के ग्रामीणों ने रेत-मिट्टी और पानी आदि से आग बुझाने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची फायरब्रिगेड ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण खेतों के ऊपर से जा रहे तारों में चिंगारी निकलना बताया जा रहा है।