बुलंदशहर। 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश फरमान को एसओजी टीम ने ककोड़ थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ और उपचार के बाद बदमाश को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। आरोपी के पास से एक बाइक, नकदी और अवैध असलहा बरामद हुआ है।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि बुधवार देर रात एसओजी टीम क्षेत्र में वांछितों की तलाश कर रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि ककोड़ थाना क्षेत्र में ऐरोसिटी कॉलोनी के पास एक बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। टीम ने मौके पर पहुंचकर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। उसी समय एक बाइक पर एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। जिसको रुकने का इशारा किया गया तो आरोपी बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर ऐरोसिटी के पास बाइक मोड़ने पर अनियंत्रित होकर फिसल गई। जिसके बाद खुद को पुलिस से घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की। पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया।
घायलावस्था में गिरफ्तार किए गए बदमाश की शिनाख्त फरमान निवासी फैसलाबाद थाना कोतवाली नगर जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है, जिसको उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। बदमाश के कब्जे से अवैध असलहा, चोरी करने वाले उपकरण, नकदी व बाइक बरामद हुई है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में 23 मुकदमे पंजीकृत है। आरोपी को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।