बुलंदशहर। जिला प्रदर्शनी शुरू होने से पूर्व प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। प्रदर्शनी में पहले चरण में 321 में से 25 दुकानों की मरम्मत करवाई जाएगी। इनका निर्माण कार्य करीब 18 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है।
जिला प्रदर्शनी में 321 पक्की दुकानें हैं। इनमें अधिकांश की दीवार, छत व बाउंड्री आदि टूटी हुई हैं। वहीं, काफी समय से नई दुकानें या पुरानी दुकानों का जीर्णोद्धार करवाने की मांग चल रही थी। अब सात मार्च से जिला प्रदर्शनी का आयोजन प्रस्तावित है। साथ ही प्रत्येक सोमवार को नुमाइश मैदान में साप्ताहिक बाजार लगता है। ऐसे में दीवार, छत व बाउंड्री आदि टूटी दुकानों से हादसे की आशंका बनी रहती है।
प्रशासन ने पहले चरण में 25 दुकानों को चिन्हित किया है, जो अधिक जर्जर स्थिति में हैं। इनका निर्माण कार्य चल रहा है। नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सिंह ने बताया कि जिला प्रदर्शनी से पूर्व जर्जर दुकानों का निर्माण कराया जा रहा है। पहले चरण में 25 दुकानों को चिन्हित किया गया। भविष्य में और दुकानों का भी निर्माण कार्य कराया जाएगा।