बुलंदशहर। जिले के 222 परिषदीय स्कूलों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं अब डेस्क-बेंच पर बैठकर पढ़ाई करेंगे। इन स्कूलों में डेस्क-बेंच उपलब्ध कराने के लिए शासन ने राशि जारी कर दी है। चयनित स्कूलों में 3.22 करोड़ रुपये से डेस्क-बेंच खरीदे जाएंगे। विभाग ने इसके लिए डेंटर जारी कर दिया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. लक्ष्मीकांत पांडे ने बताया कि जिले में 1862 परिषदीय स्कूल संचालित हैं। इनमें से अभी तक 530 स्कूल ऐसे हैं, जिनमें डेस्क-बेंच नहीं हैं। इनमें अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को फर्श पर बैठ कर पढ़ाई करनी पड़ रही है। बच्चों की इस समस्या को देखते हुए विभाग ने कुछ दिन पहले डेस्क-बेंच के लिए प्रस्ताव भेजा था। इस प्रस्ताव पर शासन ने स्वीकृति दे दी है।
अब शेष बचे 308 परिषदीय स्कूलों में भी डेस्क-बेंच के लिए शासन को प्रस्ताव भेजकर डिमांड की जा रही है। संभावना है कि इसी शिक्षण सत्र में सभी स्कूलों में डेस्क-बेंच की व्यवस्था हो जाएगी।