बुलंदशहर। जिले में गर्भवती महिलाओं में एनीमिया यानी खून की कमी हो रही है। जनवरी में सरकारी चिकित्सालयों पर हुई जांच में 207 महिलाओं में खून की कमी मिली है। संबंधित को स्त्री रोग विशेषज्ञ ने बचाव एवं परामर्श दिया।
जिले की गर्भवती महिलाओं को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार कार्यक्रम आयोजित करता है, बावजूद इसके सुधार नहीं हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जननी सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलाओं की खून की जांच में एनीमिया का ग्राफ बढ़ा है। डिप्टी सीएमओ डॉ. हरेंद्र बंसल ने बताया कि एक स्वस्थ महिला के शरीर में हीमोग्लोबिन का सामान्य स्तर 11 ग्राम/डीएल होता है। अगर यह स्तर 7-9 ग्राम/डीएल या इससे कम हो तो सीवियर एनीमिया यानी खून की कमी मानी जाती है। जिन महिलाओं में खून कम होना पाया जाता है, उनको विभाग की ओर से आयरन सहित अन्य दवाइयां दी जाती हैं। साथ ही खानपान के प्रति जागरूक किया जाता है।