जहांगीराबाद ब्लॉक की प्रमुख बनी पिंकी देवी
- पिंकी को 61, तेजवती को 17 मत मिले
अमर उजाला ब्यूरो
जहांगीराबाद।
जहांगीराबाद ब्लॉक प्रमुख पद के लिए रविवार को हुए मतदान में पिंकी देवी ने बाजी मार ली है। गांव गंगावास पहाड़ा की बीडीसी पिंकी देवी ने अपनी प्रतिद्वंद्वी तेजवती को 44 मतों से पराजित किया। पिंकी देवी को 61 व तेजवती को 17 वोट हासिल हुए। चुनाव में कुल 81 सदस्यों में से 78 सदस्यों ने ही अपने मत का प्रयोग किया। दूसरी ओर तेजवती ने शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी समेत तमाम आला अधिकारियों को पत्र भेजकर पिंकी देवी पर तथ्य छिपाकर बीडीसी पद हासिल करने व गलत ढंग से प्रमुख पद का चुनाव लड़ने का आरोप लगाते हुए पिंकी देवी की बीडीसी पद की सदस्यता रद्द किए जाने की मांग की है।
जहांगीराबाद प्रमुख पद के लिए पिंकी और तेजवती दो ही प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए थे। जांच में भी दोनों के नामांकन सही पाए गए। इन दोनों के बीच ही रविवार को पुलिस की कड़ी सुरक्षा में मतदान हुआ, जिसमें पिंकी देवी ने बाजी मार ली। चुनाव अधिकारी एजाज अहमद ने पिंकी की जीत की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रमाण पत्र जिला मुख्यालय पर दिया जाएगा। चुनाव अधिकारी ने बताया कि तीन सदस्यों ने अपने मत का प्रयोग नहीं किया। केवल 78 सदस्यों ने ही वोट डालें। निवर्तमान प्रमुख माया देवी ने भी अपने समर्थक बीडीसी सदस्यों के साथ मतदान केंद्र पर जाकर अपने मत का प्रयोग किया। चुनाव के दौरान मतदान केंद्र व केंद्र के बाहर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा।
दूसरी ओर मतदान से ठीक एक दिन पहले तेजवती ने जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्यमंत्री, राज्य निर्वाचन आयोग व प्रमुख सचिव पंचायत राज को पत्र भेजकर पिंकी देवी पर तथ्य छिपाकर बीडीसी का पद हासिल कर प्रमुख पद का चुनाव लड़ने का आरोप लगाते हुए पिंकी की सदस्यता रद्द करने की मांग की है। शिकायती पत्रों में तेजवती ने आरोप लगाया है कि पिंकी वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग में आशा बहू के पद पर कार्यरत हैं और क्षेत्र पंचायत अधिनियम की धारा 59 के तहत सरकारी पद पर वेतन प्राप्त करते हुए र्कोई भी व्यक्ति बीडीसी या प्रमुख पद का चुनाव नहीं लड़ सकता है। शिकायत के साथ तेजवती ने एक्ट की प्रतियां भी संलग्न की हैं।