बारिश में जमीन धंसने से नलकूप समेत कमरा भी धंसा
छतारी। बारिश के कारण गांव कीरतपुर में जमीन धंसने से कमरा समेत नलकूप अंदर घुस गया। मौके पर मौजूद किसान के शोर मचाने पर गांव के लोग पहुंच गए। पीड़ित किसान को घटना से लाखों का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।
शुक्रवार शाम क्षेत्र के गांव कीरतपुर निवासी सत्यपाल सिंह सालाबाद रजवाहा स्थित अपने नलकूप पर गए थे। अचानक जमीन नीचे धंसने से कमरा समेत नलकूप भी नीचे समाता चला गया। यह देखकर सत्यपाल सिंह शोर मचाते हुए बाहर की तरफ भागे। शोर सुनकर गांव के लोग मौके की तरफ दौड़ पड़े। देखते ही देखते पूरा कमरा जमीन के अंदर चला गया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण जमीन अंदर से खोखली होने के कारण धंसने से घटना हुई। बहरहाल घटना से किसान को भारी नुकसान बताया जा रहा है। मौके पर पहुंची राजस्व टीम ने जांच पड़ताल कर रिपोर्ट तैयार की। राजस्व टीम के प्रभारी रूप सिंह ने बताया कि नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की गई है। इसे उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है।