30 तक जमा करा दें ‘आधार’ वरना नहीं मिलेगा राशन
सिकंदराबाद। यदि आप खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत खाद्यान्न का लाभ लेना चाहते हैं तो राशन कार्ड धारक समेत परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड जमा करवा दें। सिकंदराबाद में 6889 कार्ड धारकों ने अब तक आधार की छाया प्रति जमा नहीं की है। 30 जून तक आधार कार्ड जमा नहीं करने की सूरत में संबंधित परिवार का खाद्यान्न रोक दिया जाएगा।
आपूर्ति निरीक्षक कमलेशचंद ने बताया कि सरकारी खाद्यान्न की कालाबाजारी रोकने और वितरण प्रणाली को सुविधाजनक बनाने के लिए शासन ने राशन कार्ड धारक परिवार के मुखिया समेत सभी सदस्यों के आधार कार्ड को राशन कार्ड से लिंक करने का निर्णय लिया था। शासन के आदेश पर पिछले कई महीनों से राशन कार्ड को आधार से लिंक करने का काम किया जा रहा है। कार्य पूरा नहीं होने की दशा में कई बार तिथि डेट बढ़ाई गई। बताया कि इस बार शासन ने अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की है। 30 जून तक आधार कार्ड की छाया प्रति जमा नहीं कराने वाले राशन कार्ड में सम्मलित सदस्य को राशन नहीं मिलेगा। बताया कि तहसील सिकंदराबाद देहात क्षेत्र में 49736 राशन कार्ड धारक व 1089379 यूनिट हैं। 32026 राशन कार्ड धारकों ने अब तक आधार कार्ड की छाया प्रति जमा नहीं कराई है। वहीं कस्बा ककोड़ में 1202 राशन कार्ड और 5044 यूनि है। 278 कार्ड धारकों ने आधार की छाया प्रति जमा नहीं कराई है। सिकंदराबाद नगर में 10709 राशन कार्ड और 4610 यूनिट है। 6889 कार्ड धारकों ने आधार की छाया प्रति जमा नहीं की है। कार्ड धारकों के आधार कार्ड की छाया प्रति जमा करने का काम किया जा रहा है। अंतिम तिथि तक आधार की छाया प्रति जमा नहीं कराने वाले का राशन बंद कर दिया जाएगा।