15 दिन तक बकायेदार गांवों पर बिजली गिराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। कारपोरेशन ने जिले के 280 बकायेदार गांवों को चिह्नित कर लिया गया है। अगले 15 दिन में इन सभी गांवों की बिजली आपूर्ति काट दी जाएगी। पीवीवीएनएल के एमडी ने एक से 15 दिसंबर तक अफसरों को बकायेदार गांवों की बिजली काटने के निर्देश दिए हैं।
पहले 80 फीसदी बकायेदार गांवों की बिजली काटने के निर्देश दिए गए थे, जिसे अब 70 फीसदी कर दिया गया है। जिले में ऐसे 280 गांव चिह्नित किए गए हैं, जिन पर 70 फीसदी से अधिक बकाया है। बकाये की राशि भी अरबों रुपये में है, जिसे जुटाने के लिए अफसरों को 15 दिन का समय दिया गया है।
बकायेदार गांवों की बिजली बिना राजस्व जुटाए नहीं जोड़ने को सख्त निर्देश दिए गए हैं। अफसरों को सिफारिश न मानने के निर्देश दिए गए हैं। पावर कारपोरेशन ने अब तक सिकंदराबाद, शिकारपुर, जहांगीराबाद, डिबाई, स्याना, सिकंदराबाद, खुर्जा खंड के करीब 40 गांवों की आपूर्ति काट दी है।
अधीक्षण अभियंता राकेश कुशवाहा ने बताया कि एमडी ने 70 फीसदी तक के बकायेदार गांवों की बिजली काटने के निर्देश दिए हैं। अगले 15 दिन तक जिलेभर में अभियान चलेगा।
एक्सईएन ने कटवाई जहांगीराबाद अस्पताल की लाइट
पावर कारपोरेशन ने अब बकायेदार सरकारी महकमों की बिजली आपूर्ति भी काटनी शुरू कर दी गई है। बृहस्पतिवार को सरकारी अस्पताल की बिजली कटवा दी गई। इसके कारण वार्ड में अंधेरा पसर गया। काफी देर तक बिजली आपूर्ति न होने से मरीज और तीमारदार परेशान हो गए।
मामला सीएमओ के संज्ञान में आने के बाद एसई के निर्देश पर कनेक्शन जोड़ा गया। सीएमओ डॉ. दीपक ओहरी ने अस्पताल में मरीजों की परेशानी को देखते हुए एसई को बिजली जुड़वाने की अपील की। जिस पर एसई राकेश कुशवाहा के निर्देश पर शाम को अस्पताल की बिजली जुड़वा दी गई।