दिसंबर के पहली तारीख को नौकरीपेशा और पेंशर्नस की बैंकों के सामने कतार लगी रही। वेतन का पैसा बैंक में लॉक होने से खासतौर पर नौकरीपेशा वर्ग गुस्सा में नजर आया। बृहस्पतिवार को बैंक और एटीएम के सामने अपेक्षाकृत अधिक लंबी कतार दिखी। दरअसल, महीने की एक तारीख को संगठित क्षेत्र के कर्मचारियों का वेतन बैंक एकाउंट में पहुंचा दिया जाता है।
इसलिए लोग एकाउंट से वेतन निकालने के लिए बैंकों की कतार में लगे रहे। कतार इतनी लंबी थी कि लोगों को नंबर दो दो घंटा बाद आया। दोपहर दो बजे पीएनबी सिविल लाइन, पीएनबी डीएम रोड, एचडीएफसी और एक्सिस बैंक, एसबीआई, इलाहाबाद बैंक, बैंक ऑफ आंध्रा में कैश खत्म हो गया।
दिनेश ने बताया कि चार लोगों से दो सिर्फ को थोड़ा कैश मिला, बाकी दो को किसी ने किसी कारण बैंक से वापस लौटा दिया जाता है। ऐसे में लोगों की जरूरी जरूरत भी पूरी नहीं हो पा रही है। सुदेश ने बताया कि बैंक एकाउंट पैसा होने के बावजूद लोग मोहताज बने गए हैं। लोगों को दवा गाली और फीस जमा करने के लिए भी पैसा नहीं मिल पा रहा है।
बैंकों के पास पहुंचा 60 करोड़
आम आदमी के लिए राहत भरी बात यह है कि शुक्रवार को बैंकों मे कैश की समस्या नहीं रहेगी। कानपुर की तीन चेस्ट से बुलंदशहर जिले में 60 करोड़ रुपये भेज दिए गए हैं। कानपुर से दोपहर 11 बजे कैश वैन रवाना हो गई थी। शुक्रवार को कैश का वितरण शुरू हो जाएगा। लीड बैंक अफसर सतपाल मेहता ने बताया कि 60 करोड़ से दो दिन का काम हो जाएगा। इसके बाद आरबीआई को फिर से चिट्ठी भेजी जाएगी।
अफसरों की सुनिए
कैश नहीं होने से कतार लंबी हो रही है। एक तारीख को नौकरीपेशा लोगों की सेलरी एकाउंटस में आती है। इसलिए कतार अधिक लंबी रहीं। -सतपाल मेहता, लीड बैंक अफसर, बुलंदशहर
शुक्रवार को पीएनबी की शाखाओ में कैश का झंझट नहीं रहेगा। पर्याप्त मात्रा में कैश मंगा लिया गया है। -क्षेत्रीय प्रबंधक, पीएनबी बंलुदशहर मंडल
एटीएम बने शोपीस कैशलेस हुए बैंक
अधिकांश बैकों के एटीएम कैश के अभाव में शोपीस बने हुए हैं। अनूपशहर में एचडीएफसी व बैंक ऑफ बड़ौदा में बृहस्पतिवार को कैश नहीं आया। पीएनबी एलडीएवी शाखा व एसबीआई में दोपहर में ही कैश खत्म हो गया, जिससे लोगों को लाइन से लौटना पड़ा। एसबीआई में लाइन में लगे विनोद फौजी ने एक पुलिसकर्मी पर अभद्रता करने का आरोप लगाया।
शिकारपुर में एसबीआई का एटीएम शोपीस बना हुआ है। पीएनबी के प्रबंधक वीर सिंह का कहना है कि आरबीआई से पर्याप्त नई करेंसी नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द एटीएम चालू कर दिए जाएंगे।