कार्य में लापरवाही पर चार उपनिरीक्षक समेत सात लाइन हाजिर
बुलंदशहर। एसएसपी एन कोलांचि ने बुधवार देर रात चार उपनिरीक्षक समेत सात पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं नगर कोतवाली में तैनात पांच पुलिसकर्मियों को विभिन्न थाना-चौकियों पर स्थानांतरित किया है।
बुधवार को दिन में एसएसपी के समक्ष सिकंदराबाद के लोगों ने उपनिरीक्षक संजीव कुमार पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इसके बाद देर रात एसएसपी ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया। वहीं, छतारी थाने में तैनात दारोगा विजय राठी को भी छेड़छाड़ के एक मामले में शिथिलता बरतने पर लाइन हाजिर किया गया है। खुर्जा जंक्शन चौकी पर तैनात उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह, स्याना की सराय चौकी पर तैनात दारोगा संजीव तोमर, थाना नरसेना पर तैनात हेड कांस्टेबल ओमवीर सिंह व कांस्टेबल सत्यवीर और नरौरा थाने पर तैनात कांस्टेबल दीपक को भी लाइन हाजिर किया गया है। वहीं नगर कोतवाली में तैनात कांस्टेबल संजय कुमार को थाना नरौरा, कांस्टेबल जॉनी को थाना रामघाट, दिलावर खान को थाना आहार, फूल कुंवर को थाना नरसैना व कांस्टेबल धीरज को थाना जहांगीरपुर स्थानांतरित किया गया है। एसएसपी की कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।