रिंकल और शकील के विज्ञान मॉडल रहे अव्वल
बुलंदशहर। नगर के डीएवी इंटर कॉलेज में शनिवार को माध्यमिक स्तर की जनपदीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। इसमें जिलेभर से आए छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। सीनियर वर्ग में छात्रा रिंकल गुप्ता और जूनियर वर्ग में छात्र शकील के विज्ञान मॉडल नंबर वन रहे।
माध्यमिक स्तर की जनपदीय विज्ञान प्रदर्शनी की शुरूआत मुख्य विकास अधिकारी ईशा दुहन और जिला विद्यालय निरीक्षक आरके तिवारी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसमें सीनियर और जूनियर वर्ग से 48 विद्यालयों के प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने भागीदारी की। साथ ही उन्होंने एक से बढ़कर एक विज्ञान पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। ईशा दुहन और आरके तिवारी ने विज्ञान के मॉडल का निरीक्षण भी किया और चुने गए विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। सीनियर वर्ग की विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रा रिंकल गुप्ता ने पहला, मुकीम ने दूसरा, तनु चौधरी ने तीसरा, अनिरुद्ध ने चौथा और भूमि वर्मा ने पांचवां स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में छात्र शकील ने पहला, जयप्रकश शर्मा ने दूसरा, रिंकी ने तीसरा, प्रमोद गौतम ने चौथा और अजय कुमार ने पांचवां स्थान प्राप्त किया। इस मौके पर डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अनिल कुमार अग्रवाल के अलावा स्कूल के समस्त स्टाफ और डीआईओएस कार्यालय के अफसर व कर्मचारी मौजूद रहे।