स्वच्छ पेयजल नहीं मिलने पर लोगों ने किया हंगामा
बुलंदशहर। स्वच्छ पेयजल सप्लाई न मिलने पर नगर के मोहल्ला ऊपरकोट के लोगों नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि टंकियों की सफाई के लिए कई बार पालिका अफसरों से शिकायत की गई, लेकिन अफसरों ने टंकियों की सफाई नहीं कराई है।
नगर के मोहल्ला ऊपरकोट के लोगों ने रविवार को नागरिक समाज सेवा संस्था के बैनर तले प्रदर्शन किया। लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका की पेयजल सप्लाई का पानी अशुद्घ आ रहा है। साथ ही पानी में मिलाने के लिए क्लोरीन भी प्रयोग नहीं की जा रही है। जिससे लोगों में विभिन्न बीमारियां फैलने की संभावना बढ़ रही है। लोगों का आरोप है कि पंप ऑपरेटर अधिकतर समय ड्यूटी से नदारद रहते हैं। इसके अलावा शहर के मोहल्ला चांदपुर, हरि एन्क्लेव, जज कंपाउंड, टीचर्स कालोनी, विकास भवन, आवास विकास आदि की टंकियों की सफाई नहीं की गई है। जिससे लोगों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि काली नदी के किनारे स्थित मोहल्ले के ट्यूबवेलों से गंदा पानी आ रहा है। जिसके चलते उन्हें बंद कर देना चाहिए। इस मौके पर प्रदर्शन में परवीन, शमा, गुल्फसा, रेशमा, अजय, योगेन्द्र, जावेद, कासिम, अंकित मौजूद रहे।