खेतों में जलाई पराली तो लगेगा 15 हजार तक जुर्माना
बुलंदशहर। खेतों में पराली जलाने वाले किसानों पर अब जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए डीएम ने सभी एसडीएम को आदेश जारी कर दिए हैं। पराली जलाने की दशा में न्यूनतम जुर्माना 2.5 हजार तथा अधिकतम 15 हजार रुपये वसूल किया जाएगा।
धान कटाई के बाद बड़े पैमाने पर खेतों में पराली जलाने से प्रदूषण गत वर्ष दस गुना से अधिक बढ़ गया था। गत वर्ष दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में करीब तीन सप्ताह तक धुंध छाई रही थी। जिससे लोगों को सांस, त्वचा, नेत्र रोग संबंधी समस्याओं से जूझना पड़ा था। इस बार लोगों को धुंध की समस्या से न जूझना पड़े इसके लिए एनजीटी ने पहले ही अफसरों को निर्देश जारी कर दिए थे। एनजीटी के निर्देशों पर प्रशासनिक अफसरों ने पराली जलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का प्लान तैयार किया है। अब डीएम ने सभी एसडीएम को पत्र जारी करते हुए पराली जलाने वाले किसानों से जुर्माना वसूलने के आदेश दिए हैं। डीएम द्वारा जारी आदेशों के अनुसार दो एकड़ तक पराली जलाने पर 2.5 हजार, दो एकड़ से पांच एकड़ तक 5 हजार तथा पांच एकड़ से अधिक पराली जलाने पर 15 हजार रुपये बतौर जुर्माना वसूल किया जाएगा।