जिला पुलिस तेजाब बिक्री की करेगी जांच, टीम गठित
बुलंदशहर। तीन तलाक, बहुविवाह व हलाला के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में आवाज बुलंद करने वाली रानी उर्फ शबनम पर हुए तेजाब हमले के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस अधिकारियों ने घटना को गंभीरता से लेते हुए बिना लाइसेंस के तेजाब बेचने वालों पर कार्रवाई करने के लिए अभियान शुरू कर दिया है। इस संबंध में जहां खुफिया विभाग लाइसेंस धारकों की जानकारी जुटाने में लगा है, वहीं बिना लाइसेंस के दुकानों पर तेजाब बेचने वालों पर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस ने शुक्रवार को रानी शबनम को कोर्ट में पेश कर बयान दर्ज कराया। फिलहाल उसकी अस्पताल से छुट्टी हो गई है जो पुलिस सुरक्षा है।
बृहस्पतिवार को डिप्टी गंज चौकी क्षेत्र में तीन तलाक, हलाला और बहुविवाह के खिलाफ अपनी आवाज सुप्रीम कोर्ट में उठाने वाली रानी उर्फ शबनम निवासी गांव जौलीगढ़ थाना अगौता पर तेजाबी हमला हुआ था। यह हमला उस दौरान किया गया जब वह अपने ससुरालीजनों के खिलाफ शिकायत करने एसएसपी दफ्तर जा रही थीं। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शबनम पर कम तीव्रता वाले तेजाब से हमला किया गया था, लेकिन पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपी देवर व पूर्व ग्राम प्रधान को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया था। वहीं, शुक्रवार को एसएसपी ने स्थानीय खुफिया विभाग को तेजाब लाइसेंस धारकों की सूचना एकत्र करने के आदेश दिए हैं। साथ ही सभी थानेदारों व क्षेत्राधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने क्षेत्रों में जांच करें कि किन दुकानों पर अवैध रुप से तेजाब की बिक्री की जा रही है। अवैध रुप से तेजाब बेचने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्रवाई के भी निर्देश दिए हैं।