विद्यालयों में होगा अभिभावक-अध्यापक एसोसिएशन का गठन
- कार्यकारिणी की माह के प्रथम रविवार को होगी बैठक
- विद्यालय की आय-व्यय पर भी नजर रखेगी कार्यकारिणी
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। माध्यमिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित विद्यालयों में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए एक और पहल की गई है। इसके लिए विद्यालयों में अभिभावक-अध्यापक एसोसिएशन का गठन किया जाएगा। यह कार्यकारिणी जहां शिक्षा के स्तर की जांच करेगी, वहीं दूसरी ओर विद्यालय के आय-व्यय पर भी नजर रखेगी। कार्यकारिणी की माह के प्रथम रविवार को बैठक होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक आरके तिवारी ने बताया कि उन्होंने माध्यमिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित विद्यालयों में शिक्षा स्तर में सुधार के लिए अभिभावक-अध्यापक एसोसिएशन का गठन करने का निर्णय लिया है। इसमें अध्यक्ष अभिभावक सदस्यों से चुना जाएगा। उपाध्यक्ष विद्यालय के प्रधानाचार्य होंगे जबकि मंत्री, उपमंत्री और कोषाध्यक्ष अभिभावक सदस्यों में से चुने जाएंगे। कार्यकारिणी के सदस्य अभिभावक और शिक्षक होंगे। डीआईओएस ने बताया कि प्रत्येक विद्यालय में कार्यकारिणी का गठन प्रधानाचार्यों को 28 और 29 जुलाई तक करना होगा। गठित कार्यकारिणी की प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को बैठक होगी। यह कार्यकारिणी विद्यालय में कराई जा रही पढ़ाई और आय-व्यय पर नजर रखेगी। साथ ही कार्यकारिणी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए जाएंगे, ताकि वह अपने कार्य का निर्वहन सही तरीके से कर सके। इसके लिए प्रधानाचार्यों को आवश्यक आदेश भी दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि इस पहल से विद्यालयों के शिक्षा स्तर में सुधार आएगा और कमियों को भी दूर किया जा सकेगा।