जेई संघ की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी
- सीयूजी नंबर बंद होने से उपभोक्ताओं को झेलनी पड़ रही है परेशानी
- जहांगीराबाद में जेई को सस्पेंड किए जाने से नाराज हैं जेई
- एसई द्वारा बुलाई वार्ता में भी धरना समाप्त करने पर नहीं बनी सहमति
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। लोकल स्तर पर बिजली कटौती किए जाने पर जेई के खिलाफ की गई कार्रवाई से खफा जेई संघ का धरना प्रदर्शन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। एसई द्वारा जेई संघ की वार्ता बुलाई गई, लेकिन वार्ता में दोनों पक्षों में धरना खत्म करने पर सहमति नहीं बन सकी।
जहांगीराबाद खंड में अनूपशहर विधायक संजय शर्मा ने टाउन बिजलीघर पर तैनात एक जेई को लोकल स्तर पर बिजली कटौती करते हुए पकड़ा था। मामले से एमडी को अवगत कराने पर अफसरों ने आनन फानन में जेई को सस्पेंड कर दिया था। जेई संघ ने अफसरों पर राजनैतिक दबाव में कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन जेई संघ का धरना प्रदर्शन जारी रहा। जेई संघ के जिलाध्यक्ष शैलेेंद्र शर्मा के नेतृत्व में जेई एसई कार्यालय पर धरने पर बैठ गए। हालांकि सर्किल तीन के एसई एके सिंह ने जेई संघ के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाया, लेकिन वार्ता में दोनों पक्षों की सहमति नहीं बन सकी। बताया जा रहा है कि एसई ने जेई संघ के पदाधिकारियों से 10 दिन का समय कार्रवाई वापस लेने के लिए मांगा था, लेकिन जेई संघ के पदाधिकारी किसी भी हालत में तत्काल कार्रवाई वापस लेने से पहले मानने को तैयार नहीं हैं। जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा ने कहा कि किसी भी हालत में धरना तब तक समाप्त नहीं किया जाएगा, जब तक कार्रवाई को वापस नहीं लिया जाता है।
राजनीति के चलते उपभोक्ता हो रहे परेशान
विधायक संजय शर्मा द्वारा जेई को लोकल स्तर पर बिजली कटौती करते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। जिस पर जेई को सस्पेंड किया गया था। विधायक द्वारा जेई को रंगे हाथों पकड़ने के बाद भी जेई संघ धरना प्रदर्शन कर रहा है। जेई संघ की राजनीति के चलते लोगों को बिजली कटौती झेलनी पड़ रही है। इससे सीधा नुकसान लोगों व व्यापारियों को हो रहा है।