चौराहा चौड़ीकरण में लगाई जा रही घटिया सामग्री
बुलंदशहर। तिराहे व चौराहा चौड़ीकरण के कार्य में जमकर घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। नगर के मामन चौकी और शिकारपुर तिराहे पर बनाए जा रहे डिवाइडर में भी मानकों को ताक पर रखकर निर्माण किया जा रहा है, जबकि अफसर मौन साधे हुए हैं।
मामले में प्यारेलाल जाटव द्वारा मुख्यमंत्री को भेजी शिकायत में आरोप लगाया है कि डिवाइडर निर्माण के लिए घटिया किस्म की सामग्री प्रयोग की जा रही है तो वहीं निर्माण के दौरान वाइब्रेटर का भी प्रयोग नहीं किया गया है, जिसके चलते डिवाइडर में मसाला के बीच काफी दूरी है, जबकि डिवाइडर की फिनिशिंग भी काफी खराब है। जिसको कच्चा मसाला लगाकर ढका जा रहा है। प्यारेलाल जाटव ने मुख्यमंत्री से शिकायत कर डिवाइडर की तकनीकि जांच की मांग की गई है। आवास विकास परिषद द्वारा नगर के मामन चौकी चौराहा व शिकारपुर तिराहे के चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। करीब एक करोड़ की लागत से किए जा रहे कार्य में ठेकेदार द्वारा जमकर अनियमितता बरती जा रही है। एडीएम प्रशासन अरविंद मिश्र ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में नहीं है। शिकायत मिलने पर कार्य की जांच कराई जाएगी।