चार प्रधानाें को नोटिस जारी, मांगा जवाब
बुलंदशहर। शौचालय निर्माण में अनियमितताएं बरतने के आरोप में जिला पंचायत राज अधिकारी ने जिले के चार ग्राम प्रधानों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। निर्धारित समय पर जवाब न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जिले में 951 ग्राम पंचायत और 1176 राजस्व गांव हैं। इन गांवों में 14वें वित्त आयोग और राज्य सरकार से मिलने वाली राशि से विकास कार्य किए जा रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर स्वच्छ भारत अभियान ग्रामीण के तहत गांवों में शौचालय बनाए जाने का काम भी जारी है। ऐसे में विकास कार्यों और शौचालय निर्माण में प्रधानों द्वारा बरती जाने वाली अनियमितताओं के मामलों की लंबी फेहरिस्त खुलकर भी सामने आ चुकी है। ऐसा कोई दिन नहीं होता होगा, जिस दिन डीएम से लेकर अन्य अफसरों के पास प्रधानों की शिकायत न मिलती हो। ऐसे ही चार गांवों के ग्रामीणों ने जिला पंचायत राज अधिकारी को प्रधानों की शिकायत दी है। इन शिकायतों के आधार पर डीपीआरओ ने चारों प्रधानों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। जिला पंचायत राज अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि चार गांवों के प्रधानों की विकास कार्यों और शौचालय निर्माण में अनियमितताएं बरतने की शिकायत मिली है। इन प्रधानों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।