अब पाठ्य पुस्तकों के वितरण में नहीं चलेगा फर्जीवाड़ा
- परिषदीय स्कूलों में पुस्तकों के वितरण पर पोर्टल से रखी जाएगी नजर
- किताब आने से लेकर वितरण तक की सूचना होगी अपलोड
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। दो जुलाई से परिषदीय विद्यालय खुल जाएंगे। बच्चों को नि:शुल्क दी जाने वाली किताबें 30 जून तक जिला मुख्यालय पर आ जाएंगी। पाठ्य पुस्तकों के वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं चलेगी और न ही उच्च अधिकारियों को शिक्षा अधिकारी गुमराह कर सकेंगे। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने एक वेब पोर्टल तैयार किया है। इसमें किताबें आने से लेकर वितरण तक की प्रति दिन की सूचना को अपलोड किया जाएगा।
विगत वर्षों में अधिकारियों की लापरवाही से प्रतिवर्ष पाठ्य पुस्तकें आधा सत्र बीतने के बाद ही बच्चों के हाथों में पहुंचती थीं। कागजों पर फर्जी वितरण दिखाकर शासन को गुमराह किया जाता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीष कुमार ने बताया कि पाठ्य पुस्तकों के वितरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए शासन के निर्देश पर वेब पोर्टल तैयार किया है। इसमें जिस दिन सप्लायर पाठ्य पुस्तकों को जिला मुख्यालय भेजेगा, उसी दिन पाठ्य पुस्तकों की गिनती करने के पश्चात सूचना पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इसके बाद जब किताबें ब्लाक स्तर पर जाएंगी अथवा स्कूलों में वितरण को भेजी जाएंगी, उसकी सूचना भी संबंधित प्रधानाध्यापक पोर्टल पर अपलोड करेंगे। इसके बाद स्कूल में किताबों का वितरण होगा। किस स्कूल में किस दिन व किस कक्षा की कितनी और कौन सी किताबें वितरित की गई हैं, इसकी सूचना भी प्रधानाध्यापक को बीआरसी को फोन पर देनी होगी। इससे खंड शिक्षा अधिकारी को पता चल जाएगा कि ब्लाक के किस स्कूल में कितनी व किस क्लास की पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया है। इतना ही नहीं बेसिक शिक्षा अधिकारी भी कार्यालय में बैठकर ही विभिन्न ब्लाकों में किताबों के वितरण की जानकारी ले सकेंगे।
कक्षा सात और आठ की किताबों का हुआ सत्यापन
बुलंदशहर। जिले में कक्षा एक से आठवीं तक के परिषदीय स्कूलों में करीब 2.50 लाख बच्चों को निशुल्क किताबों का वितरण किया जाना है। अब तक कक्षा सात और आठवीं की किताब ही मिल पाई हैं। अफसरों का कहना है कि कक्षा एक से छह तक की किताबें 30 जून से पहले प्राप्त हो जाएंगी और इसी दिन बीआरसी पर पहुंचाने के साथ ही स्कूलों में वितरण शुरू करवा दिया जाएगा। कक्षा सात व आठ की किताबों का सत्यापन हो चुका है और बीआरसी पर पहुंचाने के लिए उठान का काम बुधवार से शुरू हो जाएगा। ब्यूरो
सफाई, ड्रेस गुणवत्ता व शिक्षा पर ध्यान दें अध्यापक
डिबाई। एबीआरसी चंद्र भूषण ने विद्यालय खुलने से पहले उनकी सफाई के साथ शौचालयों की सफाई के लिए अध्यापकों की बैठक कर दिशा निर्देश दिए हैं। त्रिवेणी दत्त बृह्मचारी सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित समस्त परिषदीय स्कूलों की बैठक में चंद्र भूषण ने कहा कि पढ़ाई की गुणवत्ता के साथ ही बच्चों की ड्रेस की गुणवत्ता का भी ध्यान दें। लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एबीआरसी ने बताया कि दानपुर ब्लॉक के अध्यापकों की बैठक में भी उन्होंने यही दिशा निर्देश दिए हैं। इस दौरान मवासी सिंह, गजेंद्र पाल सिंह आदि उपस्थित रहे। ब्यूरो