एसएसओ को बंधक बना बिजलीघर पर जड़ा ताला
औरंगाबाद। आंधी से क्षतिग्रस्त लाइनों को ठीक कराने एवं आपूर्ति को नियमित कराने की मांग को लेकर रविवार को किसानसभा के पदाधिकारियों ने जाड़ौल बिजलीघर पर पहुंचकर एसएसओ को बंधक बना लिया। जमकर हंगामा के बाद बिजलीघर पर ताला जड़ दिया। मांगों का दो दिन के अंदर समाधान न होने पर किसानों ने अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी है। उधर, दूसरी तरफ मैथना बिजलीघर पर दर्जनों गांवों के किसानों ने हंगामा किया।
रविवार की दोपहर क्षेत्रीय किसानसभा के तत्वाधान में दर्जनों गांवों के किसान एकत्रित होकर जाड़ौल बिजलीघर पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए। बिजलीघर पर एक भी कर्मचारियों के मौजूद न होने पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। किसानों ने एसएसओ देवेंद्र सिंह को बंधक बनाकर धूप में बैठा लिया। बाद में किसानों ने बिजलीघर पर ताला जड़ दिया। किसानसभा के प्रदेश संयुक्त सचिव चंद्रपाल सिंह ने कहा कि आंधी से किसानों के नलकूपों को जाने वाली बिजली की लाइनें दो दिन से क्षतिग्रस्त हुई पड़ी हैं। विभाग का कोई कर्मचारी लाइनों को ठीक करने के लिये नहीं गया है। हंगामे में किसान नेता इरफान अली, हरेंद्र सिंह, चंदर सिंह, प्रताप सिंह, योगेन्द्रपाल सिंह, महीपाल सिंह, सुभाष चंद, अजयपाल सिंह, मांगे सिंह, नत्थी सिंह, नंदलाल पाठक, सुरेश चंद, हरकेश सिंह आदि मौजूद रहे। उधर मैथना जगतपुर बिजलीघर पर भी दर्जनों गांवों के सैंकड़ों किसानों ने आपूर्ति को चालू कराने और लाइनों की ठीक कराने की मांगों को लेकर जमकर हंगामा किया। जिसमें जेई अमित कुमार राय ने जल्द लाइनों को ठीक कराकर आपूर्ति को चालू कराने का आश्वासन देकर किसानों को शांत किया।