डाकघर में मिलेगी ऑनलाइन बिल जमा करने समेत अन्य सुविधाएं
- जून में होगा इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक का शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। नगरवासियों को अब बिल जमा करने के लिए विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। डाक विभाग की पोस्टल बैंक में एक बार बचत खाता खुलवाने के बाद ग्राहकों को ऑनलाइन बिल जमा करने के साथ अन्य सुविधाओं का लाभ दिया जाएगा। इसके साथ ही स्कूलों की फीस जमा करने के साथ नेट बैंकिंग की सुविधा का भी लाभ मिलेगा। यह व्यवस्था प्रधान डाकघर में जून माह से बैंक के शुभारंभ के साथ शुरू कर दी जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्रों एवं दूरदराज के लोगों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए डाक विभाग ने बैंकिंग कार्य में अपने को मजबूत करना शुरू कर दिया है। अब इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक में अन्य बैंकों की तर्ज पर ही काम होगा, इसके साथ ही स्कूलों की फीस और अन्य बिल भी ऑनलाइन जमा किए जाएंगे। साथ ही बैंक के खाता धारकों को नेट बैंकिंग की भी सुविधा मिलेगी। इसके लिए डाक विभाग खाताधारक को एक यूनिक आईडी मुहैया कराएगा। अफसरों के अनुसार जून माह के प्रथम सप्ताह में प्रधान डाकघर में बैंक का शुभारंभ किया जाएगा। शुभारंभ से पूर्व डाक कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। बैंक में खाता खोले जाने के बाद ‘आपका बैंक, आपके द्वार’ के तर्ज पर उन्हें वित्तीय सेवाएं दी जाएंगी। डाक अधीक्षक केएस यादव ने बताया कि आईपीपीबी (इंडियन पोस्ट पेमेंट बैंक) की टीम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वे करने के साथ ग्राहकों को सुविधाओं की जानकारी देकर जागरूक कर रही है। बैंक में सभी विभागों के बिल ऑनलाइन जमा करने के साथ स्कूलों की फीस जमा करने की सुविधा रहेगी।