मिट्टी की ढांग गिरने से दबी युवती, मौत
- पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा शव, परिवार में मचा कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
नरौरा । रामघाट थाना क्षेत्र के गांव जरगवां के माजरा नगला शुमाली में बुधवार सुबह मिट्टी खोद रही युवती पर अचानक मिट्टी की ढांग गिर गई। हादसे में युवती की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव निवासी राजेंद्र सिंह की पूजा (20) बुधवार सुबह घर से गांव के बाहर चूल्हे के लिए मिट्टी लेने गई थी। प्रत्यक्षदर्शी अन्य महिलाओं ने बताया कि वह मिट्टी खोदते वक्त ढांग के नीचे पहुंच गई और अचानक ढांग उसके ऊपर गिर गई। जैसे-तैसे महिलाओं ने घटना की सूचना गांव वालों को दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह ढांग से निकालकर पूजा को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी आनंद गौतम ने बताया कि अचानक मिट्टी की ढांग गिरने से युवती की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।