छह जून तक अंतिम किस्त जमा करा सकेंगे आजमीन-ए-हज
- ऑल इंडिया हज कमेटी ने जारी किए नए आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। आजमीन-ए-हज अब किराए की अंतिम किस्त छह जून तक जमा कर सकेंगे। ऑल इंडिया हज कमेटी ने नए आदेश जारी कर एक और मौका दिया है।
जिला हज ट्रेनर हाजी नूर मोहम्मद कुरैशी ने बताया कि हज यात्रा 2018 के किराए की अंतिम किश्त का निर्धारण किया जा चुका है। जिन हज यात्रियों की उड़ान दिल्ली एयरपोर्ट से होनी है। ऐसे ग्रीन श्रेणी वाले हज यात्री अपनी द्वितीय और आखिरी किस्त 1,70,950 रुपये, अजीजया श्रेणी वाले हज यात्री अपनी द्वितीय किस्त 1,36,800 रुपये स्टेट बैंक आफ इंडिया या यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में निर्धारित ग्रीन पेय स्लीप पर छह जून तक जमा कर सकते हैं। कुरैशी ने बताया कि अंतिम किस्त जमा करते समय यदि किसी को काई परेशानी आती है तो वह जिले की हज हेल्प लाइन नंबर 9412503151 और 9219123333 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे हज यात्री जो अपने साथ बच्चों को ले जा रहे हैं और उनकी आयु पांच साल से कम है तो उन्हें 10200 रुपये अतिरिक्त जमा करने होंगे। यदि किसी हज यात्री का सहायक बनकर या महरम के रूप में दोबारा हज यात्रा पर जा रहा है तो उन्हें 35202 रुपये की अतिरिक्त धनराशि जो अंतिम किस्त के साथ ही जमा करनी होगी। उन्होंने बताया कि अंतिम किस्त जमा करने के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया ने यह आखिरी मौका दिया है और इसके बाद कोई दूसरा मौका नहीं दिया जाएगा।