ट्रेनों में अवैध वेंडर परोस रहे खुला खाद्य पदार्थ
- यात्रियों ने रेलवे मंत्रालय को पत्र भेजकर की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। रेलवे बोर्ड बेशक ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को गुणवत्ता वाला खाना देने पर जोर दे रहा हो, लेकिन रेलवे अफसर और आरपीएफ की मिलीभगत से ट्रेनों में अवैध वेंडर अभी भी यात्रियों को खुला खाद्य पदार्थ एवं घटिया खाना परोस रहे हैं। यात्रियों ने इसकी शिकायत रेलवे मंत्रालय में की है।
बुलंदशहर स्टेशन पर करीब दो एक्सप्रेस ट्रेन और चार पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव है। एक्सप्रेस ट्रेनों में पेंट्री कार नहीं है। इसका फायदा अवैध वेंडर उठा रहे हैं। स्टेशन पर एक भी वेंडर पंजीकृत नहीं है। लेकिन ट्रेनों में अवैध वेंडरों की भरमार है। वेंडर घटिया चाय, नाश्ता और खाने की बिक्री कर रहे हैं। खाने-पीने की गुणवत्ता को लेकर वेंडरों की आए दिन यात्रियों से कहासुनी भी हो रहीं है, लेकिन रेलवे प्रशासन की मिलीभगत से इन पर ठोस कार्रवाई नहीं होती है। लंबी दूरी की ट्रेनों में बिना वर्दी के ये वेंडर चाय, नाश्ता, खाना बेधड़क होकर बिक्री कर रहे हैं। वहीं, जीआरपी और आरपीएफ इस ओर ध्यान देने को ही तैयार नहीं है।
पूर्व में की जा चुकी है शिकायत
डीआरयूसीसी के पूर्व सदस्य वीरपाल सिंह ने बताया कि अवैध वेंडरों के लिए पूर्व में कई बार शिकायतें की जा चुकी है। आरपीएफ एवं जीआरपी का संरक्षण मिलने से इन वेंडरों पर कार्रवाई नहीं हो पा रहीं है। अवैध वेंडर रेलवे यात्रियों के साथ मारपीट एवं छीना-झपटी के अलावा लूटपाट की घटना को भी अंजाम देने से नहीं चूकते है।
डीआरएम ने निरीक्षण में दिए थे निर्देश
मंडल रेल प्रबंधक एके सिघंल ने जनवरी माह में निरीक्षण के दौरान अवैध वेंडरों द्वारा घटिया सामग्री परोसने की शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। साथ ही यात्रियों की सेहत से खिलवाड़ न करने के निर्देश दिए थे।
अधिकारियों को देखकर हो जाते हैं फरार
रेलवे अधिकारियों की मानें तो जब रेलवे अधिकारी स्टेशन पर निरीक्षण या छापामार कार्रवाई करते हैं तो अवैध वेंडर मौके से फरार हो जाते हैं। ऐसे में अवैध वेंडरों को चिन्हित करने में रेलवे प्रशासन को दिक्कतें आती है।
कोट
अवैध वेंडरों की धरपकड़ के लिए छापामार कार्रवाई की जाती है। समय-समय पर अभियान चलाया जाता है। - लवकुश, रेलवे चौकी प्रभारी, बुलंदशहर स्टेशन
रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडरों का मामला संज्ञान में नहीं है। यदि कोई शिकायत मिलती है तो जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी। - सुधीर कुमार, स्टेशन अधीक्षक, बुलंदशहर स्टेशन