आंधी-तुफान के अलर्ट के बाद भी अफसर सुस्त
- धरातल पर नहीं किए गए कोई इंतजाम
- आगामी पांच व छह मई को जिले में तुफान आने की संभावनाओं का अंदेशा लगाजा जा रहा
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। शासन द्वारा पांच व छह मई को आंधी-तूफान के लिए अलर्ट जारी करने के बाद भी जिले में अफसर पूरी तरह से सुस्त बैठे हैं। अफसर आपात स्थिति से निपटने के लिए दावे तो कर रहे हैं, लेकिन धरातल पर कोई इंतजाम नहीं किए हैं। जिससे आंधी-तूफान की स्थिति में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
पांच व छह मई को जिले में आंधी व तूफान की संभावनाओं का अंदेशा लगाया जा रहा है। इसके लिए शासन ने सभी विभागों के अधिकारियों को आदेश जारी करते हुए आपात स्थिति से निपटने के लिए इंतजामात करने के निर्देश जारी किए हैं। शासन के सख्त आदेशों के बाद अफसर दावे तो कर रहे हैं कि स्थिति पर आसानी से नियंत्रण पा लेंगे, लेकिन धरातल पर अफसरों ने इसके लिए कोई योजना तैयार नहीं की है। जिसके चलते लोगों को आंधी-तूफान के साथ आपात स्थिति में काफी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
हालात हुए खराब तो हांफेगा स्वास्थ्य विभाग
- किसी भी आपात स्थिति के चलते अगर जिले में हालात खराब होते हैं, तो स्थिति को संभालने में स्वास्थ्य विभाग हांफ जाएगा। आलम यह है कि अधिकतर अस्पतालों में मरीजों की भीड़ लगी है, ऐसे में कर्मचारियों और दवाओं की कमी स्थिति को और बिगाड़ने में पूरी मदद करेगी।
बिजली और वन विभाग की योजनाएं अधूरी
- पावर कारपोरेशन और वन विभाग की योजनाएं भी फिलहाल अधूरी दिख रही हैं। आंधी-तूफान के चलते सड़कों पर पेड़, खंभे, बिजली के तार टूटने से हादसे हो सकते हैं, तो रास्ते जाम होने की भी पूरी संभावनाएं रहती हैं। ऐसे में अफसरों को आवश्यक है कि आपात स्थिति से निपटने के लिए अफसर व कर्मचारियों का एक विशेष दल तैयार किया जाए, जो समय पर मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल सके।
कोट-
आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग तैयार है। स्थिति नियंत्रित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। - डॉ. केएन तिवारी, सीएमओ कोट
शासन के आदेशों का पालन किया जाएगा। आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह से तैयार है। - आरपीएस तौमर, चीफ इंजीनियर पावर कारपोरेशन
कोट
शासन के आदेशों पर सभी तैयारी कर ली गई हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए कर्मचारी तैनात किए गए हैं। - वीके, जैन, डीएफओ