मनरेगा जॉब कार्ड है तो रोपित करें फलदार पौधे
बुलंदशहर। यदि आपके पास मनरेगा जॉब कार्ड के अलावा उपजाऊ जमीन है तो आप फलदार पौधे रोपित कर सकते हैं। स्वयं वन विभाग पौधे लगाने आएगा। इतना ही नहीं इस पर होने वाले समस्त खर्च को भी उठाएगा। साथ ही जमीन मालिक को मनरेगा के तहत मजदूरी भी मिलेगी। यह काम मुख्यमंत्री फलोद्यान योजना के तहत होगा। प्रदेश सरकार ने फल उत्पादन को बढ़ाने के लिए फलोद्यान योजना की शुरुआत की है। इसके तहत जिले के मनरेगा योजना के पात्र जाब कार्ड धारकों को पात्र माना गया है। शासन का निर्देश है कि संबंधित पात्र अपनी निजी भूमि पर फलोत्पादन के लिए बागवानी कर सकते हैं। इसमें फलदार वृक्ष जैसे आम, अमरूद, नीबू, अनार, संतरा आदि शामिल किए जा सकेंगे। किसानों को योजना का लाभ पाने के लिए संबंधित योजना के नोडल उद्यान विभाग या फिर ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारी से सम्पर्क करना होगा। विभाग को बागवानी के लिए संबंधित भूमि व पात्रता के बारे में आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने होंगे। संबंधित विभाग किसान के अभिलेखों की जांच कर योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को पूरी करेगा। किसानों को योजना के मुताबिक संबंधित फलदार पौध की खरीददारी स्वयं करनी होगी। इसके बाद संबंधित खर्च का भुगतान पाने के लिए बिल संबंधित विभाग को देना होगा। इसके अलावा पौधों को लगाने के लिए गड्ढे आदि की खुदाई मनरेगा के तहत होगी। इस पर कार्य करने वाले मजदूरों को मजदूरी भी मिलेगी। भुगतान मजदूर के खाते में होगा तथा पौधे नियम के तहत लगेंगे वहीं पौधरोपण किसान उद्यान विभाग के अधिकारी व कर्मचारी की निगरानी में करेंगे।
मुख्यमंत्री फलोद्यान योजना के तहत मनरेगा जॉब कार्ड धारकों को निशुल्क फलदार पौधे रोपित करवाए जाएंगे। इस कार्य में उद्यान विभाग को नोडल बनाया गया है। जल्द ही योजना की जिले में शुरूआत हो जाएगी। - वीके जैन, डीएफओ, बुलंदशहर।