एनसीईआरटी की किताबें चाहिए तो गाइड भी खरीदनी होगी
बुगरासी। अभिभावकों के साथ लूट खसोट में निजी स्कूलों के साथ ही पुस्तक विक्रेता भी कदमताल कर रहे हैं। ताजा मामला बुगरासी क्षेत्र का है। यहां पुस्तक विक्रेताओं ने एनसीईआरटी की किताबों के साथ गाइड खरीदना अनिवार्य कर दिया है। गाइड न खरीदने पर छात्रों को किताबें नहीं दी जा रही हैं। मामले की शिकायत पर डीआईओएस ने खुद को कार्रवाई में असमर्थ बताया।
निजी स्कूलों में तो मोटी कमाई के चलते निजी प्रकाशन की किताबें लगाई गई हैं लेकिन सरकारी व अर्द्ध सरकारी स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबें लगाई जा रही हैं। कस्बे के जनता इंटर कॉलेज में कक्षा नौ से लेकर 12 तक के विद्यार्थियों को एनसीईआरटी की किताबें खरीदने के आदेश दिए गए हैं। जनता इंटर कॉलेज के छात्र आकाश, मननान, रविंद्र और शोभित ने बताया कि एनसीईआरटी की किताबें स्याना में कुछ विक्रेताओं के यहां उपलब्ध हैं। एक किताब के साथ उसकी गाइड लेने के लिए दुकानदार बाध्य कर रहे हैं। गाइड नहीं लेने पर किताब नहीं दी जा रही है। तकरीबन 54 रुपये की किताब के साथ 250 रुपये की उसकी गाइड लेनी अनिवार्य है। इससे छात्रों में गुस्सा है। छात्रों का कहना है कि जब एनसीईआरटी की किताब के साथ निजी प्रकाशन की गाइड भी लेनी है तो फिर उन्हें किस प्रकार की राहत दी गई है। उन्होंने गाइड की बाध्यता करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में एसडीएम अनिवाश चंद्र मौर्य ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद कार्रवाई होगी।