अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता पर नजर रखेगा वेब पोर्टल
- एसडीएम सदर के सुझाव पर तैयार किया जा रहा है पोर्टल
- दवाइयों की मात्रा कम होने पर स्वत: ऑर्डर होगा जनरेट
- एक सप्ताह में पोर्टल के चालू होने की है संभावना
पुनीत शर्मा
बुलंदशहर। जिले के सरकारी अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता पर नजर रखने के लिए अब पोर्टल का सहारा लिया जाएगा। एसडीएम सदर अरविंद सिंह की पहल पर पोर्टल का निर्माण कराया जा रहा है। संभावना है कि अगले सप्ताह में पोर्टल का शुभारंभ कर दिया जाएगा।
एसडीएम सदर अरविंद सिंह (आईएएस) ने अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता की कमी को दूर करने के लिए एक्सल सीट तैयार करने का सुझाव डीएम समेत स्वास्थ्य अफसरों को दिया था। एसडीएम के सुझाव पर डीएम ने एक्सल सीट बनाने के लिए आदेश जारी किए थे। इसके बाद भी लापरवाह अफसरों के चलते पर्याप्त मात्रा में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं हो पा रही थी। इस समस्या से निपटने के लिए अब एसडीएम सदर ने एक पोर्टल बनाकर दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का सुझाव दिया। एसडीएम के सुझाव पर सॉफ्टवेयर इंजीनियरों द्वारा पोर्टल तैयार कराया जा रहा है। हालांकि अभी तक अफसरों ने पोर्टल का कोई नाम निर्धारित नहीं किया है। एसडीएम सदर अरविंद सिंह (आईएएस) ने बताया कि संभावना है कि अगले सप्ताह में सॉफ्टवेयर चालू कर दिया जाएगा। इससे दवाओं की मात्रा कम होने पर स्वत: ऑर्डर भेज दिया जाएगा। जिससे समय पर दवाओं की खेप पहुंच सकेगी।
इस तरह काम करेगा पोर्टल-
पोर्टल पर सभी सरकारी अस्पतालों में प्रभारियों का एक लॉग इन आईडी व पासवर्ड बनाया जाएगा। दवाओं की उपलब्धता व मात्रा निर्धारित करने के बाद जैसे ही मात्रा कम होगी, पोर्टल खुद ऑर्डर तैयार कर संबंधित अधिकारी को भेज देगा।