मेडिकल कॉलेज के लिए मिली जगह, शासन को भेजा प्रस्ताव
- नगर के नया गांव चांदपुर में चिन्ह्ति की गई है कृषि विभाग की जमीन
- डीएम ने अपर मुख्य सचिव को पत्र भेजकर कराया अवगत
- शासन ने दिए थे नगर में मेडिकल कालेज के लिए जगह तलाशने के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। शासन द्वारा मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन तलाशने के आदेशों के बाद अफसरों की तलाश अब समाप्त हो गई है। डीएम के आदेश पर एसडीएम सदर ने नया गांव चांदपुर के पास जमीन तलाशकर रिपोर्ट प्रेषित कर दी है। डीएम ने अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य को रिपोर्ट भेज दी है।
केंद्र सरकार के जिला अस्पतालों को मेडिकल कालेज के रूप में स्थापित कराने के आदेशों के तहत जिले का चयन किया गया था। निर्देशानुसार जिला अस्पताल से 10 किमी की परिधि में एक स्थान पर 10 एकड़ जमीन चाहिए थी। हालांकि जिला अस्पताल से 10 किमी की परिधि में जमीन की भरमार है, लेकिन कोई भी व्यक्ति निशुल्क जमीन उपलब्ध कराने के लिए तैयार नहीं था। इसके बाद डीएम के आदेश पर अब एसडीएम सदर ने नया गांव चांदपुर के समीप कृषि विभाग की 10 एकड़ जमीन को चिह्नित कर रिपोर्ट डीएम को भेज दी है। डीएम ने जमीन के लिए सीएमओ को निरीक्षण का आदेश देकर सत्यापन कराया है। इसके बाद अब डीएम ने जमीन की उपलब्धता को लेकर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र भेजा है। डीएम डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि मेडिकल कालेज के लिए जमीन मिल गई है। इसके लिए शासन को रिपोर्ट भेज दी गई है।
नोएडा, दिल्ली जाने से मरीजों को मिलेगी राहत
जिले में मेडिकल कालेज बनने के बाद मरीजों को काफी सहूलियत होगी। अभी तक केवल मेरठ जिले में मेडिकल कालेज की सुविधा थी। जिसके चलते मरीजों को गंभीरावस्था में मेरठ के लिए रेफर किया जाता है। समय पर इलाज न मिल पाने के कारण कई बार मरीज की मौत भी हो जाती है।