श्रम कानून उल्लंघन के विरोध में डीएम से की शिकायत
बुलंदशहर। पावर कॉरपोरेशन में कार्यरत संविदा कर्मचारियों से नियमों के विपरीत कार्य कराए जाने पर डीएम को शिकायत भेजी है। कर्मचारियों ने शीघ्र समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। आरोप है कि कर्मचारियों को परिचय पत्र न देने देेने के साथ ही हाजिरी रजिस्टर पर नाम भी अंकित नहीं किए गए हैं।
पावर कॉरपोरेशन में हजारों कर्मचारी संविदा पर काम कर रहे हैं। कहीं बिजलीघर पर लाइन की मरम्मत तो कहीं प्रयोगशाला में ट्रांसफार्मरों को ठीक करने समेत अन्य कार्य कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे हैं। इसके बाद भी उन्हें कई माह से वेतन नहीं दिया गया है। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन के महासचिव सुरेंद्र सिंह ने डीएम को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है। सुरेंद्र ने बताया कि सिकंदराबाद, बुलंदशहर और खुर्जा के डेढ़ दर्जन प्रतिष्ठानों में तैनात कर्मचारियों को कानून के विपरीत कार्य दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही समस्याओं का समाधान न होने पर कर्मचारी काम काज ठप कर हड़ताल पर चले जाएंगे।