शहीदों के 45 गांवों में बहेगी विकास की बयार
बुलंदशहर। शहीदों के गांवों को भी समग्र ग्राम योजना में शामिल कर लिया गया है। अब इन गांवों में खास तौर से विकास कराया जाएगा। शहीदों के नाम पर इन गांवों में सड़क, पानी, बिजली समेत अन्य सुविधाएं लोगों को मुहैया कराई जाएंगी।
राज्य सरकार ने शहीदों के गांवों को शहीदों के नाम पर रखे जाने के आदेश दिए थे। इसके लिए डीएम ने भी सभी अफसरों को दिशा-निर्देश दिए थे। शासन ने इन गांवों को समग्र ग्राम योजना में शामिल करने के आदेश दिए थे। सीडीओ ने 45 गांवों की सूची बनाकर शासन को भेज दी है। समग्र गांव घोषित होने के बाद इन गांवों में शासन प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराएगा। साथ ही गांवों में शहीद स्मारक भी बनवाया जाएगा।
इन गांवों में बीबीनगर क्षेत्र के गांव सैदपुर, बहांपुर, खैरपुर, ऊंचागांव का गांव सौंजना रानी, ककोड़ का गांव धनौरा, खुर्जा क्षेत्र के गांव कलाखुरी, देवराला, सलेमपुर क्षेत्र के गांव अतरौली, भैंसरौली, नासिरपुर, जहांगीराबाद का गांव रौंडा, गुलावठी क्षेत्र के भटौना, कुर्ली आदि शामिल हैं।