गन्ना पर्चियों में धांधली का आरोप, हंगामा
- किसानों ने ग्राम कैथला के गन्ना क्रय केंद्र पर दिया धरना
अमर उजाला ब्यूरो
गुलावठी।
ग्राम कैथाला स्थित वेव शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर बुधवार को गन्ना किसानों ने पर्चियों में धांधली का आरोप लगाते हुए तौल बंद करा दी और क्रय केंद्र पर प्रदर्शन किया। नाराज किसानों ने तौल लिपिक का घेराव भी किया। इस बीच गन्ने से लदे वाहनों की सड़क पर लंबी कतारें लग गईं। जाम और हंगामे की सूचना के बाद भी मौके पर कोई अधिकारी नहीं पहुंचा।
बुधवार को सुबह से ही गन्ना क्रय केंद्र पर ग्राम कैथाला एवं ग्राम चंद्रपुरा के अनेक किसानों ने गन्ने की पर्चियां देने में धांधली का आरोप लगाते हुए तौल नहीं होने दी। नाराज किसानों ने गन्ना क्रय केंद्र पर मौजूद तौल लिपिक का घेराव भी किया। किसान राजीव कैथाला, संजय, वेदपाल सिंह, अजय सिंह, इंद्रमणी, मूलचंद, चन्द्रपाल, मांगेराम, मुजाहिद, साजिद, वारिस अली, वाहिद अली, ओमवीर, वीरपाल सिंह, नरेश कुमार, जयपाल सिंह, राकेश आदि ने बताया कि गन्ने की पर्चियां देने में धांधली की जा रही है। गन्ना सचिव पर मनमानी का आरोप लगाते किसानों ने कहा कि अनेक किसानों को एक भी पर्ची नहीं दी गई है। इससे किसानों का कटा हुआ गन्ना सूख रहा है। उन्होंने मांग की कि मिल सीधे किसानों को पर्चियां जारी करे और बीच में दलाल किस्म के लोगों को हटाए। किसानों ने बताया कि उन्होंने जिला गन्ना अधिकारी और जिलाधिकारी से भी शिकायत की है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं निकला। तौल लिपिक ओमप्रकाश ने बताया कि उनका कार्य पर्ची देखकर गन्ना तौलना है। पर्ची किसे मिली है, किसे नहीं, इससे इनका कोई वास्ता नहीं है। देर शाम तक किसानों का धरना जारी था।