काम नहीं होने पर भड़कीं डीएम, एफआईआर के आदेश
- एनएच-91 पर नहीं हुआ सर्विस रोड, फ्लाईओवर व नाला निर्माण
- मौके से कार्यदायी संस्था के दो कर्मचारियों को लिया हिरासत में
- शिकायत पर बिलसूरी गांव में पहुंचीं डीएम
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
एनएच-91 स्थित बिलसूरी गांव में सर्विस रोड, फ्लाईओवर व नाला निर्माण का कार्य तय समय में नहीं होने पर भड़की डीएम ने कार्यदायी संस्था के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। मौके पर मिले कार्यदायी संस्था के दो अफसरों को हिरासत में ले लिया गया है। ग्रामीणों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने मौके का निरीक्षण किया था।
डीएम डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि पिछले वर्ष से गांव बिलसूरी में हाईवे पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने जीएईपीएल कंपनी को सर्विस रोड, फ्लाईओवर और नाला निर्माण के लिए अधिकृत किया था। इस कंपनी को विगत वर्ष ही काम शुरू करवा देना चाहिए था, लेकिन कंपनी ने समय पर काम शुरू नहीं करवाया। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कार्यदायी संस्था को कई बार काम शुरू करने के आदेश दिए गए। बावजूद इसके काम शुरू नहीं हुआ। इसकी शिकायत मिलने पर वह बुधवार को गांव में निरीक्षण के लिए पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों से मौके पर वार्ता की। इस दौरान एनएचएआई के परियोजना निदेशक पीपी सिंह और कार्यदायी संस्था की ओर से कर्मचारी बलबीर सिंह और पवन शर्मा भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि कार्यदायी संस्था ने काम शुरू करने में असमर्थता जताई और इस पर उन्होंने इन दोनों कर्मचारियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करते हुए हिरासत में लेने के आदेश अपर जिलाधिकारी प्रशासन को दे दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि यह कार्य कराना एनएचएआई की जिम्मेदारी है। यदि कार्य आरंभ नहीं किया गया तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि काम शुरू नहीं होने से पिछले एक साल से उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। काम शुरू करने के लिए उनके मकान आदि तोड़ दिए गए थे। यदि यह काम पूरा हो जाता तो वह अपने मकान आदि की मरम्मत करवा सकते थे। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनीराज जी., अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरविंद कुमार मिश्र और तहसीलदार सिकंदराबाद समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।