अगौता ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी का फैसला 21 को
एसडीएम लेंगे बैठक, 32 सदस्यों का अविश्वास प्रस्ताव मिलने पर होगा मतदान
62 में से 43 सदस्य डीएम को दे चुके है ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ शपथपत्र
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
अगौता ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी का फैसला 21 फरवरी को हो जाएगा। इस दिन ब्लॉक में एसडीएम सदस्यों की बैठक लेंगे और यदि 32 सदस्यों का अविश्वास प्रस्ताव प्राप्त हुआ तो मतदान होगा। इससे कम प्रस्ताव मिलने पर कुर्सी को कोई खतरा नहीं होगा।
अगौता ब्लॉक में 62 पंचायत सदस्य हैं। इनमें से 43 सदस्यों ने 21 जनवरी को डीएम डॉ. रोशन जैकब को ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ शपथपत्र देकर अविश्वास प्रस्ताव पारित करने की मांग की थी। सदस्यों ने ब्लॉक प्रमुख पर विकास कार्य न कराने, विकास कार्य की धनराशि में अनियमितताएं और पंचायत सदस्यों को मानदेय न उपलब्ध करवाने सहित कई आरोप लगाए थे। डीएम ने अविश्वास प्रस्ताव पर जिला पंचायत राज अधिकारी को आगामी कार्रवाई के आदेश जारी किए। अब डीएम ने आदेश दिया है कि अविश्वास प्रस्ताव पर विचार करने के लिए 21 फरवरी को सुबह साढ़े दस बजे अगौता ब्लॉक में एसडीएम की अध्यक्षता में बैठक होगी। बहस के बाद यदि 32 सदस्यों का अविश्वास प्रस्ताव प्राप्त हुआ, तो दोपहर 12.30 बजे मतदान कराया जाएगा। सभी प्रक्रिया की जानकारी शाम पांच बजे तक उन सहित जिला पंचायत राज अधिकारी को देनी होगी। जिला पंचायत राज अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि सभी सदस्यों को बैठक की जानकारी देते हुए डीएम का आदेश ब्लॉक पर चस्पा करा दिया जाएगा।