एसएनसीयू वार्ड की नहीं सही हुई विद्युत लाइन
- दिनभर आती-जाती रहीं बिजली
- पिछले दिनों तीन नवजातों की मौत के बाद भी हो रहीं लापरवाही
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिला महिला अस्पताल के एसएनसीयू (न्यू सिक बोर्न केयर यूनिट) वार्ड पिछले दिनों तीन नवजातों की मौत के बाद भी विभाग और कर्मचारी लापरवाही बरत रहे है। बुधवार की रात बिजली गुल होने के बाद भी शुक्रवार को एसएनसीयू वार्ड में पूरे दिन बिजली आती जाती रही। स्थिति यह है कि विद्युत लाइन अभी तक ठीक नहीं हुई है।
महिला अस्पताल में बिजली न होने की वजह 11 दिसंबर की रात दो नवजात की मौत हो गई थी। इसके बाद भी विभाग और कर्मचारी द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। बुधवार की रात बिजली न होने की वजह से बृहस्पतिवार को सीएमओ कार्यालय से कर्मचारी को बिजली लाइन सही करने के लिए भेजा गया था। आरोप है कि अस्पताल के कर्मचारियों द्वारा सीएमओ द्वारा भेजे गए कर्मचारियों को वापस भेज दिया गया। कर्मचारी ने मामले की जानकारी सीएमओ को दी तो सीएमओ ने मामले में महिला सीएमएस से लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। शुक्रवार को भी एसएनसीयू वार्ड में दिनभर बिजली आती जाती रही। देर शाम तक बिजली सुधार के संबंध में महिला अस्पताल के प्रशासन द्वारा भी कोई कदम नहीं उठाया गया है। एसएनसीयू वार्ड की चिकित्सक डॉ. शालिनी तिवारी ने बताया कि कर्मचारी द्वारा बिजली की लाइन को सही करवाया जा रहा है। शुक्रवार को एसएनसीयू वार्ड में आठ से अधिक नवजात भर्ती है।