मुर्गी फार्म में फटा सिलेंडर, तीन बच्चे समेत चार झुलसे
- कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव बंगला पूठरी में दोपहर को हुआ हादसा
- घायलों को जिला अस्पताल से हायर सेंटर किया रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव बंगला पूठरी स्थित मुर्गी फार्म हाउस में शनिवार दोपहर गैस का सिलेंडर अचानक फट गया। जिससे मुर्गी फार्म मालिक के दो बच्चों समेत उसके भाई की पत्नी व भतीजी बुरी तरह झुलस गई। आनन-फानन में चारों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया।
गांव के प्रधान अजीत सिंह लोधी मुताबिक गांव निवासी जाहिद का मुर्गी फार्म है। मुर्गी के चूजों को सर्दी में गर्मी की व्यवस्था करने के लिए फार्म हाउस में दो-तीन छोटे गैस के सिलेंडर रखे हुए थे। शनिवार को जाहिद की छह साल की बेटी अर्शी, 10 साल का बेटा अयान, 12 साल की भतीजी रिमस फार्म के नजदीक खेल रहे थे। इस दौरान एक सिलेंडर में आग लग गई और वह फट गया। जिसकी चपेट में आने से तीनों मासूम बच्चे गंभीर रुप से झुलस गए। बच्चों को बचाने के लिए दौड़ी शमीना भी आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई। धमाके की आवाज सुन कर मौके पर ग्रामीण पहुंचे। जैसे-तैसे आग पर काबू पाया और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चारों घायलों को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। चिकित्सकों ने बताया कि घायल 50 प्रतिशत से अधिक झुलस चुके हैं।